कुछ स्थानीय पक्षी-3

प्रिय साथियों,
                 पिछले दो भाग में आपने कुछ स्थानीय पक्षियों के बारे में पढ़ा होगा, और अगर नहीं पढ़ा तो कृपया उसे जरूर पढ़ें। आज एक और पक्षी के साथ तीसरी कड़ी लेकर आ रहा हूं और मुझे उम्मीद है आपको ये अवश्य अच्छा लगेगा। मैं अपने लेख के लिए जो तस्वीरें प्रयोग कर रहा हूं, वह मैंने स्वयं अपनी विभिन्न यात्राओं के दौरान ली हैं, और उनसे सम्बन्धित जानकारी मैं अपने अनुभव के आधार पर दे रहा हूं। इसलिए हो सकता है आपको क‌ई चीजें खटक रही होंगी। मैं गूगल की तरह व्याख्या नहीं कर सकता और न ही अलग अलग कोणों से पक्षी की तस्वीर दिखा सकता हूं। पर वह मेरा उद्देश्य भी नहीं है। मैं तो केवल इतना ही चाहता हूं कि मेरे साथियों को पता चले कि अन्य अच्छी आदतों के साथ पक्षी दर्शन भी एक Hobby है जो तेजी से विकसित हो रही है। आज प्रसारण के अनगिनत माध्यमों से लोग इस क्षेत्र में क्रियाशील हैं। तो चलिए, शुरू करते हैं, आज के इस अंक में केवल एक ही पक्षी परिवार की बात करेंगे, क्योंकि पिछले अंक में मैंने वादा किया था कि एक ही प्रजाति के अलग अलग पक्षियों की बात करेंगे। आपको सबसे सामान्य स्थानीय पक्षी कौन सा लगता है? आज हम बात करने जा रहे हैं, बच्चों के प्रिय पक्षी तोते के बारे में। तोता एक सामान्य और अत्यंत लोकप्रिय पक्षी है। परन्तु ये उतना ही खूबसूरत और बुद्धिमान भी है। तोता मानव बोली की नकल कर लेता है। अंग्रेजी में तोते को Parrot कहा जाता है। एक और शब्द है  Parakeet और हिंदी में इसका अर्थ है सुग्गा। ध्यान रखिए कि हम केवल जंगली पक्षियों की बात कर रहे हैं, और इसमें पालतु पक्षी शामिल नहीं है।  आईये जानते हैं, तोते की पांच अलग अलग किस्मों के बारे में:-

1. लालकण्ठी तोता:- यह तोता न होकर सुग्गा है। इस परिवार में 350 से अधिक किस्मों में से लालकण्ठी तोता एक अलग किस्म है। जैसा कि इसके नाम से स्पष्ट है, इसके गले में एक गुलाबी धारी होती है जो दो काली और नीली धारी के साथ में होती है। ये धारी गले में कण्ठी पहने होने का आभास देती है, परन्तु यह सिर्फ नर में होती है। शेष शरीर तोते के प्रसिद्ध हरे रंग में होता है। इस तोते की नर और मादा दोनों की चोंच लाल रंग की होती है। दोनों की एक लंबी पूंछ होती है, मगर नर की पूंछ ज्यादा लंबी होती है। लंबी पूंछ सभी सुग्गे की पहचान है और तोतों की पूंछ छोटी होती है। ये सुग्गे और तोतों का अंतर भी है। इस सुग्गे का अंग्रेजी नाम Rose Ringed Parakeet  है और वैज्ञानिक नाम Psittacula krameri है। यह उच्च हिमालई क्षेत्रों तथा राजस्थान के कुछ हिस्सों को छोड़कर पूरे भारत में पाया जाता है।


2. टुंइया सुग्गा:- इस तोते को यह नाम इसकी आवाज के कारण मिला है। क्योंकि यह टुुुुईंईंई टुुंईई की आवाज करता है।  इसका नर खूबसूरत होता है, जिसका सिर गले तक प्लम नाम के फल की तरह लाल होता है, और इसका अंग्रेजी नाम Plum Headed Parakeet है और  जहां नर का सिर लाल होता है, वहीं मादा का सिर स्लेेेटी धूसर होता है। इनकी चोंंच पीले रंग की होती है। इसकी भी लंबी पूंछ होती है, गहरे नीले और हरे रंग की होती है। इसका वैज्ञानिक नाम Psittacula cyanocephala है।

3. हीरामन तोता:- मुझे यह सुग्गा सबसे ज्यादा पसंद है। शारीरिक रूप से यह सुग्गा सबसे बड़ा होता है और इसकी लाल चोंच विशालकाय होती है। इसके कंधे पर गहरा लाल रंग का टुकड़ा होता है जो इसे लालकण्ठी तोता से अलग करता है। इसका सिर भी लालकण्ठी तोते के समान हरे रंग का होता है और गले में कण्ठी होती है। बाकि सभी चीजें लालकण्ठी तोते के समान ही होती है, परन्तु यह उससे काफी बड़ा होता है। इसका अंग्रेजी नाम Alexandrine Parakeet है जबकि वैज्ञानिक नाम Psittacula eupatria है। यह उच्च हिमालई क्षेत्रों तथा दक्षिण भारत में नहीं पाया जाता। मध्य भारत में बहुतायत में पाया जाता है।

4. पहाड़ी तोता:- यह सुग्गा लालकण्ठी तोते से थोड़ा बड़ा होता है तथा केवल हिमालय के पहाड़ी इलाकों में पाया जाता है। इसके नर तथा मादा का सिर धूसर भूरे रंग का होता है। नर के कंधे पर हीरामन सुग्गा की तरह गहरे लाल रंग का टुकड़ा होता है परन्तु यह आकार में छोटा होता है तथा मादा में नहीं होता। इसकी चोंच का उपरी हिस्सा लाल रंग का तथा निचला हिस्सा पीले रंग का होता है। चोंच के इन हिस्सों को Mandible कहा जाता है। इसकी पूंछ इसके परिवार के अन्य सदस्यों की तरह तथा अंदर की तरफ हल्के पीले रंग की होती है। इसका अंग्रेजी नाम Slaty Headed Parakeet है तथा वैज्ञानिक नाम Psittacula himalyana है। 


5. लटकन तोता:- भारतीय उपमहाद्वीप में तोते की असली किस्में केवल दो हैं, भारतीय लटकन तथा श्रीलंका लटकन। भारतीय लटकन तोता दोनों समुद्र तटीय इलाकों में पाया जाता है। यह पश्चिम बंगाल में भी मिल सकता है। इसको इस सूची में केवल इसलिए शामिल किया है ताकि मैं आपको सुग्गे और तोतों में फर्क बता सकूं। जैसे कि मैंने पहले कहा कि दुनिया में तोते की लगभग 350 किस्में हैं, परन्तु भारत में यह लगभग 13 किस्म के मिलते हैं। उनमें से चार सुग्गे की तस्वीर मैंने स्वयं ली है, परन्तु लटकन तोता की तस्वीर मेरे पास नहीं है। इसको मैं ने इसके मालिक को उचित श्रेय देकर यहां स्थान दिया है। तोते का आकार सुग्गे से छोटा होता है और इनमें पूंछ भी बहुत छोटी होती है। यह गौरैया के आकार का होता है तथा इसकी चोंच, निचली पीठ लाल रंग की होती है। गले में आसमानी रंग होता है। यह अपने खास अंदाज में पेड़ से लटका रहता है, अतः इसे लटकन कहा जाता है। इसका अंग्रेजी नाम Vernal Hanging Parrot है तथा वैज्ञानिक नाम Loriculus vernalis है।


तो बस आज के लिए सिर्फ इतना ही। आप अगर  तोते की कोई और किस्म जानते हैं, तो मुझे बताइए। अगली कड़ी में आप किस पक्षी के बारे में जानना चाहते हैं, जरूर बताएं। साथ ही आपको मेरा ब्लाॅग कितना पसंद आया, कृपया कमेंट करके बताइए। अपने मित्रों के साथ शेयर भी करें। जल्दी ही आपसे फिर भेंट होगी कुछ और स्थानीय पक्षियों की रोचक जानकारी के साथ। तब तक के लिए प्यार भरा नमस्कार।
जय हिन्द 🙏🙏।

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

कुछ स्थानीय पक्षी-2

कुछ स्थानीय पक्षी